पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाने वाले निरीक्षक संजय कुमार यादव ने खड़गांव थाना प्रभारी के रूप में कार्यकाल के दौरान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय पहल की। जनवरी 2025 से मई 2026 तक थाना खड़गांव के प्रभार में रहते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
प्रकृति के प्रति उनके विशेष लगाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिले में बरगद और पीपल के पौधे उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने स्वयं दुर्ग की नर्सरी से लगभग 20 बरगद एवं पीपल के पौधे मंगवाए। इन पौधों का रोपण राष्ट्रीय राजमार्ग 930 के किनारे तथा आसपास स्थित तालाबों के पारों में कराया गया।
निरीक्षक यादव ने केवल पौधारोपण तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी विशेष ध्यान दिया। थाना स्टाफ के सहयोग से प्रत्येक पौधे के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरा तैयार कराया गया, ताकि पशुओं एवं अन्य कारणों से पौधों को नुकसान न पहुंचे। इसके साथ ही नियमित रूप से पौधों में पानी और खाद डलवाने की व्यवस्था भी की गई।
उन्होंने थाना स्टाफ, स्थानीय नागरिकों तथा स्कूली बच्चों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव क्षेत्र में देखने को मिला और कई लोगों ने पौधारोपण अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
अब निरीक्षक संजय कुमार यादव का स्थानांतरण सीतागांव थाना प्रभारी के रूप में हो चुका है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि वे वहां भी इसी प्रकार सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों को आगे बढ़ाते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। उनके इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि पुलिस अधिकारी केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति भी अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ