Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सुदूर वनांचल कोराचा में लगा सुशासन तिहार शिविर, 1476 आवेदन प्राप्त, ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ

NBP NEWS/ मोहला, 16 मई 2026।
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत मानपुर के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत कोराचा में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजनशुक्रवार को किया गया। शिविर में कोराचा क्लस्टर अंतर्गत 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में आयोजित इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ सीधे गांव में उपलब्ध कराया गया।
शिविर में कोराचा, मानपुर, ख्वासफड़की, तोलूम, पानाबरस, ढब्बा, तेरेगांव, कनेली, बसेली, कंदाडी, कोहका, हलोरा, ईरागांव एवं तुमडीकसा सहित कुल 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान मांग एवं शिकायत से संबंधित कुल 1476 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी गई है।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि दूरस्थ एवं वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं का लाभ आसानी से पहुंचे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो।

उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील भी की।

विभिन्न विभागों ने वितरित किए सामग्री और प्रमाण पत्र

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कृषि विभाग ने 2 हितग्राहियों को नैनो यूरिया प्रदान किया। राजस्व विभाग द्वारा 19 हितग्राहियों को आबादी पट्टा एवं 4 हितग्राहियों को डिजिटल ऋण पुस्तिका वितरित की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने 5 हितग्राहियों को पोषण आहार, 2 हितग्राहियों को वय वंदन कार्ड तथा 2 हितग्राहियों को नई पहल किट प्रदान की। मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को मछली जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए गए।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने 5 हितग्राहियों को आवास पूर्ण होने पर गृह प्रवेश हेतु चाबी प्रदान की, जबकि 6 हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 4 हितग्राहियों को तालाब निर्माण स्वीकृति आदेश भी प्रदान किए गए।
शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भोजेश शाह मांडवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राधिका अंधारे, जनपद अध्यक्ष पुष्पबाई मांडवी, जिला पंचायत सदस्य सुशील भंडारी, सदस्य रेणु टांडिया, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर जीआर मरकाम सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ