NBP NEWS/ मोहला, 10 मार्च 2026 जिले में लघु वनोपज आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से भावसर फाउंडेशन द्वारा Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP) योजना के अंतर्गत सेक्टर स्पेसिफिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस पहल के तहत जिले में कुल 8 प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों, स्व-सहायता समूह (SHG) के सदस्यों तथा लघु वनोपज संग्राहकों को वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और व्यावसायिक कौशल से परिचित कराना था। प्रशिक्षण सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को लघु वनोपज के वैज्ञानिक संग्रहण, ग्रेडिंग, प्राथमिक प्रसंस्करण तकनीक, मूल्य संवर्धन, पैकेजिंग और ब्रांडिंग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही गुणवत्ता नियंत्रण और प्रभावी विपणन रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को सतत संग्रहण पद्धतियों, बेहतर भंडारण तकनीकों और बाजार से जुड़ाव (मार्केट लिंकज) के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इन तकनीकों को अपनाने से वन क्षेत्रों पर निर्भर जनजातीय समुदायों और ग्रामीण परिवारों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान महुआ, इमली, चिरौंजी, लाख, साल बीज तथा विभिन्न औषधीय वनोपज उत्पादों पर आधारित सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने के बारे में भी मार्गदर्शन दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि इन उत्पादों के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही बेहतर आय के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय उद्यमियों, युवाओं तथा स्व-सहायता समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वनोपज आधारित उद्यम विकसित करने में गहरी रुचि दिखाई। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने पारंपरिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का मार्ग मिलेगा।
भावसर फाउंडेशन द्वारा RAMP योजना के अंतर्गत की गई यह पहल जनजातीय एवं वन क्षेत्रों में MSME पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने, सतत आजीविका को बढ़ावा देने तथा वनोपज आधारित उद्यमिता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रतिभागियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और इससे जिले में स्वरोजगार तथा आय सृजन के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
0 टिप्पणियाँ