NBP NEWS/ मोहला,03 मार्च 2026
समाज कल्याण विभाग, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत होलिका दहन के पावन अवसर पर एक अभिनव एवं प्रेरणादायी पहल करते हुए “नशे की होलिका दहन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर महोदया के मार्गदर्शन में नशा मुक्ति केंद्र मोहला के सहयोग से संपन्न हुआ।
परंपरागत होलिका दहन को सामाजिक चेतना से जोड़ते हुए इस अवसर पर गुटखा, शराब, सिगरेट, तंबाकू आदि नशे की सामग्रियों का प्रतीकात्मक दहन किया गया। आयोजन का उद्देश्य केवल एक औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रहकर समाज, विशेषकर युवाओं में व्यसन त्याग के प्रति दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच विकसित करना था।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ नशा मुक्ति केंद्र, मोहला के हितग्राही और कर्मचारी सक्रिय रूप से सहभागी बने। उपस्थित जनसमूह ने नशा उन्मूलन के संदेश को आत्मसात करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
समापन अवसर पर सहायक संचालक, समाज कल्याण विभाग द्वारा सभी उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज की प्रगति में भी बाधक है, इसलिए सामूहिक प्रयासों से ही इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
यह आयोजन सामाजिक परंपराओं को जन-जागरूकता से जोड़ते हुए नशा उन्मूलन की दिशा में एक सशक्त एवं रचनात्मक प्रयास के रूप में सामने आया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशा मुक्त जीवन अपनाने का प्रेरक संदेश दिया गया।
0 टिप्पणियाँ