NBP NEWS/ मोहला, 25 मार्च 2026। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला परिसर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य सविता सोरी एवं रेखा कोठारी, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, स्थानीय जनप्रतिनिधि सुरजीत ठाकुर, कन्हैया राजपूत, देव प्रसाद नेताम, अब्दुल खालिक सहित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. मण्डावी, जिला क्षय अधिकारी डॉ. एस.आर. कोवाची, खंड चिकित्सा अधिकारी सीमा ठाकुर , जिला कार्यक्रम प्रबंधक राकेश वर्मा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिले में 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी के उन्मूलन के लिए समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक आमजन जागरूक नहीं होंगे, तब तक इस अभियान को पूर्ण सफलता नहीं मिल सकती। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराएं और शासन द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार का लाभ उठाएं।
उन्होंने आगे कहा कि टीबी अब लाइलाज बीमारी नहीं है, समय पर जांच और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
इस अभियान के अंतर्गत जिले में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके तहत घर-घर सर्वे, संभावित मरीजों की पहचान, समय पर जांच, उपचार की निरंतरता तथा पोषण सहायता जैसे बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिले का कोई भी मरीज उपचार से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा टीबी उन्मूलन की शपथ ली गई। आमजन को टीबी के प्रमुख लक्षण जैसे लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना आदि के बारे में जानकारी दी गई तथा जांच एवं निःशुल्क उपचार की सुविधा के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर जिले की 104 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही टीबी नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर टीबी मुक्त जिले के संकल्प को दोहराया और इस दिशा में निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
0 टिप्पणियाँ