Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

महाराष्ट्र बॉर्डर से सटे अंतिम गाँव बोड़ेगाँव पहुँचा ‘सर्विस ऑन व्हील्स’ सेवा रथ

NBP NEWS/मोहला, 11 फरवरी 2026।
जिले के अंतिम छोर एवं महाराष्ट्र सीमा से सटे दूरस्थ ग्राम बोड़ेगाँव में बुधवार को प्रशासन की संवेदनशील पहल ‘सर्विस ऑन व्हील्स’ (दिव्यांगजन एवं वृद्धजन सेवा रथ) पहुँचा। कलेक्टर महोदया के मार्गदर्शन में नवाचार के रूप में संचालित इस सेवा रथ ने सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों को उनके गाँव में ही विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
बोड़ेगाँव जैसे दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्र में निवासरत ग्रामीणों को पूर्व में योजनाओं का लाभ लेने के लिए जिला मुख्यालय तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। परिवहन व संसाधनों की कमी के कारण विशेषकर दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में ‘सर्विस ऑन व्हील्स’ पहल ने उनके द्वार तक पहुंचकर राहत प्रदान की है।
सेवा रथ के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ ऑन-द-स्पॉट प्रदान किया गया। ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण की गई।

11 फरवरी 2026 को प्रदाय की गई सेवाएँ इस प्रकार रहीं —

डीएलसी भौतिक सत्यापन – 48 प्रकरण
आधार सीडिंग – 34 हितग्राही
वय वंदन योजना पंजीयन – 32 हितग्राही
सहायक उपकरण प्रदाय – 23 हितग्राही
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। प्रशासन ने सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।

ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सेवा रथ के माध्यम से उन्हें पहली बार ऐसा अनुभव हुआ कि शासन की योजनाएँ वास्तव में उनके द्वार तक पहुँची हैं। विशेषकर दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों को इससे बड़ी राहत मिली है।
‘सर्विस ऑन व्हील्स’ सेवा रथ प्रशासन की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है। सीमावर्ती ग्राम बोड़ेगाँव में सेवा रथ की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रशासन विकास और सेवा के कार्यों में किसी भी क्षेत्र को पीछे नहीं छोड़ना चाहता।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ