जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती चंद्राकर द्वारा आज जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोहका एवं कंडाडी का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के वित्तीय वर्ष 2024–26 के अप्रारंभ एवं अपूर्ण आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से प्रत्यक्ष संवाद कर निर्माण कार्यों की प्रगति, आ रही समस्याओं एवं समाधान के संबंध में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 मार्च 2026 तक सभी अप्रारंभ एवं अपूर्ण आवासों को अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा ढिलाई को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर DMF मद से संचालित राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत प्रशिक्षणरत ट्रेनीज से संवाद कर प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं कार्यों का अवलोकन किया गया। जिला पंचायत सीईओ ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं तकनीकी दक्षता बनाए रखने की समझाइश दी।
निरीक्षण के दौरान VB-GRAMG योजना की विस्तृत जानकारी दी गई तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत कार्यरत स्वच्छता दीदियों से चर्चा कर उनके कार्यों की सराहना की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे उनके मनोबल में वृद्धि हुई।
इसके साथ ही जिला पंचायत सीईओ द्वारा निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों एवं महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत संचालित आजीविका डबरी का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने हितग्राहियों से आजीविका डबरी से होने वाली आय एवं रोजगार के संबंध में जानकारी लेते हुए इसे ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सहायक अभियंता, कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ