NBP NEWS / मोहला, 03 फरवरी 2026
विश्व वेटलैंड दिवस के अवसर पर जिला मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी मोहला, वनमंडलाधिकारी बालोद, अनुविभागीय अधिकारी मोहला, अनुविभागीय अधिकारी मानपुर सहित मोहला वनमंडल के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वेटलैंड मित्रों के साथ 100 से अधिक ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के तहत मोहला वनमंडल कार्यालय में एक कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें वेटलैंड क्षेत्रों में अब तक किए गए कार्यों एवं भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने वेटलैंड संरक्षण को सतत विकास से जोड़ते हुए इसके महत्व को रेखांकित किया।
वनमंडलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि वेटलैंड्स जल चक्र को संतुलित रखने, जलवायु परिवर्तन से निपटने तथा जैव विविधता के संरक्षण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे वेटलैंड्स को प्रदूषण और अतिक्रमण से बचाने में प्रशासन का सहयोग करें।
छात्रों ने पेंटिंग के माध्यम से दिया संरक्षण का संदेश
विश्व वेटलैंड दिवस के उपलक्ष्य में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, मोहला में आर्द्र भूमि एवं जैव विविधता विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वेटलैंड्स के महत्व, संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ।
राजातालाब में चला वृहद स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह मोहला तहसील स्थित राजातालाब में वन विभाग, वेटलैंड मित्रों एवं ग्रामीणों के सहयोग से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब परिसर की सफाई की गई तथा कचरा प्रबंधन और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
वेटलैंड मित्रों का सम्मान, ग्रामीणों ने ली शपथ
कार्यक्रम के समापन पर वेटलैंड मित्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही ग्रामीणों को वेटलैंड्स के संरक्षण, स्वच्छता और सतत उपयोग की शपथ दिलाई गई।
यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से वेटलैंड संरक्षण को एक जन आंदोलन का रूप देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
0 टिप्पणियाँ