छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत तहसील मुख्यालय औंधी में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्युत वितरण केंद्र औंधी द्वारा किया गया, जिसमें नियमित विद्युत बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विद्युत विभाग उप संभाग मोहला के सहायक अभियंता शिरीष कुमार मिलिंद एवं सब स्टेशन औंधी के कनिष्ठ अभियंता श्री अमन कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग द्वारा ऐसे 14 उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले दो वर्षों से निरंतर प्रत्येक माह समय पर विद्युत बिल का भुगतान किया है।
सम्मानित होने वाले उपभोक्ताओं में बीपीएल कनेक्शन से गौतर सिंह, द्वारिका प्रसाद, लक्ष्मण इक्का, प्रेमलाल एवं अमर सिंह शामिल रहे। वहीं घरेलू कनेक्शन श्रेणी में बसंत नेताम, कमलेश कुमार गवर्ना, रोहित कुमार भुआर्य एवं मनीष राम तथा गैर-घरेलू कनेक्शन श्रेणी में अमृता श्रीवास्तव, संजीव हीरा, नरेश भंडारी एवं कंचन को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों मोनिका शाह मंडावी एवं बाबू राम भंडारी को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बीपीएल, घरेलू एवं गैर-घरेलू श्रेणी के अन्य उपभोक्ताओं को भी विभागीय योगदान हेतु सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में सहायक अभियंता शिरीष कुमार मिलिंद एवं कनिष्ठ अभियंता अमन कुमार ने बताया कि विगत दो वर्षों में औंधी वितरण केंद्र क्षेत्र अंतर्गत विद्युत आपूर्ति में व्यापक सुधार किया गया है। उपभोक्ता सेवाओं का विस्तार करते हुए विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि मानपुर विकासखंड के 17 पूर्व में अनविद्युतीकृत ग्रामों में सफलतापूर्वक विद्युत आपूर्ति पहुंचाई गई है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार आया है।
कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं से समय पर विद्युत बिल भुगतान करने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत सदस्य पुष्पा बाई आत्राम, सरपंच ग्राम पंचायत औंधी चंदन लाल उसारे, उपसरपंच संगीता सिंह, वार्ड पंच राजेश मेश्राम, द्रौपती मंडावी एवं रामुराम इक्का सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ