NBP NEWS/कौड़ीकसा, 03 फरवरी 2026
छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को कौड़ीकसा विद्युत वितरण केंद्र में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत उपभोक्ताओं को जागरूक करना तथा समय पर विद्युत बिल भुगतान के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर विगत दो वर्षों से लगातार प्रत्येक माह समय पर विद्युत बिल का भुगतान करने वाले 25 विद्युत उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के माध्यम से नियमित भुगतान करने वाले हितग्राहियों को प्रेरणा स्वरूप सम्मानित कर अन्य उपभोक्ताओं को भी अनुशासन एवं जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष कौड़ीकसा संदीप साहू उपस्थित रहे। विशेष अतिथियों में भाजपा मंडल महामंत्री जनक सोनवानी, सरपंच कौड़ीकसा लक्ष्मी कुलहरा, जनपद सदस्य सुरेखा मंडावी, उपसरपंच कौड़ीकसा विजय फराडिया, सरपंच मुरेटीटोला लक्ष्मण ढलानिया, सरपंच देवरसुर सीमा कोर्राम एवं पूर्व सरपंच कौड़ीकसा योगेंद्र कोडापे शामिल हुए।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
विद्युत विभाग की ओर से उपसंभाग अंबागढ़ चौकी के सहायक अभियंता बी. कुर्रे, कनिष्ठ अभियंता विक्रांत मधारिया, मेहुल कोषे, ओमप्रकाश तारम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कौड़ीकसा वितरण केंद्र अंतर्गत किए गए विकास कार्यों, विद्युत सुधार योजनाओं एवं उपभोक्ता हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
नियमित भुगतान की अपील
उल्लेखनीय है कि यह संपूर्ण कार्यक्रम कार्यपालन अभियंता के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर विद्युत बिल भुगतान करने तथा विभागीय कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर शासन की जनहितकारी सोच एवं जिम्मेदार उपभोक्ता संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में सराहा गया।
0 टिप्पणियाँ