विकासखण्ड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर; चयनित प्रतिभागी 3 अक्टूबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
NBP NEWS / मोहला | 02 अक्टूबर 2026
मोहला। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा विकासखण्ड मोहला में विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और अभिव्यक्ति क्षमता को मंच देने के उद्देश्य से चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूल स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने सपनों के भारत की कल्पना को रंगों और शब्दों के माध्यम से जीवंत किया।
प्रतियोगिता का आयोजन पहले विद्यालय स्तर पर किया गया। विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया गया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने देश के विकास, शिक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर भविष्य जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं एवं विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
तीनों स्तरों पर विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
प्राथमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में अनिमेश, काजल एवं भाविका ने स्थान बनाया, जबकि भाषण प्रतियोगिता में नताशा, ट्विंकल एवं चंचल ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। माध्यमिक स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में भूपाली, शामिन एवं चांदनी तथा भाषण प्रतियोगिता में रुपाली, नैना एवं पूजा ने स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार हाई स्कूल स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में कृतिका, आरती एवं रीना तथा भाषण प्रतियोगिता में पल्लवी, वैशाली एवं हेमा ने स्थान हासिल किया। इन विद्यार्थियों की उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे विकासखण्ड का गौरव बढ़ाया। अब चयनित प्रतिभागी 03 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि रमेश हिड़ामे, लक्षमेन्द्र शाह, अमित श्रीवास्तव, पुलकित खंडेलवाल, नूतन साहू, सदानंद तारम एवं अनुराग कन्नौजे सहित नगर के विशिष्टजन उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा विभाग की टीम ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम का सफल आयोजन डीईओ पीएल साहू एवं बीईओ राजेन्द्र कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में बंशी निषाद, नूतन साहू, दिनेश सिंह, ललित साहू, दीपक राजपूत, पंचराम मंडावी, मार्टिन मसीह, राजकुमार यादव एवं मलेश मालेकर सहित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आयोजित इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ देश के भविष्य और अपने सपनों के भारत को लेकर सोचने तथा उसे रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।

0 टिप्पणियाँ