Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

RAMP योजना के तहत बारह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण का सफल समापन

 



टेढ़ेसरा में 30 प्रतिभागियों ने लिया प्रशिक्षण, MSME, वित्तीय सहायता, डिजिटल बाजार और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

NBP NEWS / राजनांदगांव , 15 सितंबर 2026

राजनांदगांव। RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के तहत भावसर फाउंडेशन द्वारा सामुदायिक भवन, टेढ़ेसरा, सोमनी, राजनांदगांव में आयोजित जिला स्तरीय बारह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 26 अगस्त 2026 से 6 सितंबर 2026 तक किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से जुड़े अवसरों, वित्तीय सहायता, बाजार तक पहुंच और व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित करने की आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।

यह प्रशिक्षण RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त प्रयासों के तहत MSME क्षेत्र की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता और बाजार तक पहुंच को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक डोमेन्द्र वर्मा एवं अनीता वर्मा ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इनमें RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के क्षेत्र में उपलब्ध अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज की प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एवं बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाएं प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को व्यवसाय शुरू करने से लेकर उसे टिकाऊ एवं सफल बनाने तक आवश्यक पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावसायिक योजना तैयार करने, बाजार सर्वे करने और संभावित बाजार से जुड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

प्रशिक्षण के उपरांत सवाल-जवाब सत्र का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यावसायिक योजना, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वे एवं बाजार लिंकेज सहित विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर डोमेन्द्र वर्मा एवं अनीता वर्मा ने सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की और उन्हें भविष्य में शुरू किए जाने वाले व्यवसाय के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही बारह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक रूप से समापन किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ