उद्यमियों और बैंकिंग अधिकारियों के बीच हुआ सीधा संवाद, ऋण एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई
NBP NEWS / शक्ति / 15 सितंबर 2026
शक्ति। भावसार फाउंडेशन द्वारा RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम के अंतर्गत 3 सितंबर 2026 को गिरिराज रैनबसेरा में एक दिवसीय उद्योग एवं बैंकर्स बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय अग्रणी वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ उद्यमी, छोटे व्यवसायी एवं MSME क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागी शामिल हुए।
बैठक का प्रमुख उद्देश्य उद्यमियों, स्टार्टअप्स एवं MSMEs को बैंकिंग प्रतिनिधियों से सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध कराना था, ताकि औपचारिक वित्तपोषण प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं एवं बाधाओं को कम किया जा सके। इस दौरान उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सहायता, ब्याज सब्सिडी तथा हरित वित्तपोषण से जुड़ी सरकारी पहलों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ऋण से संबंधित समस्याओं और शिकायतों के निवारण पर भी विशेष चर्चा हुई। उद्यमियों को बैंकिंग अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखने तथा ऋण प्रक्रिया, पात्रता मानदंड एवं आवश्यक दस्तावेजों से जुड़े सवालों का समाधान प्राप्त करने का अवसर मिला। साथ ही ऋण आवेदन अस्वीकृत होने की स्थिति में आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रियाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान हरित वित्तपोषण पर भी विशेष जोर दिया गया। SIDBI समर्थित MSE GIFT जैसी पहलों के माध्यम से उद्यमों में टिकाऊ एवं ऊर्जा-कुशल तकनीकों को अपनाने के लिए उपलब्ध वित्तीय सहायता और अवसरों के बारे में जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक एवं वित्तीय विशेषज्ञ अतुल सिंह ने विशेष सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को RAMP कार्यक्रम, वित्तीय विकल्पों एवं उपलब्ध योजनाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं अग्रणी बैंक के अधिकारी ने बैंक द्वारा उद्यमियों एवं व्यवसायियों को प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं तथा वित्तीय सुविधाओं की जानकारी साझा की।
बैठक में जिला उद्योग केंद्र, वाणिज्यिक बैंकों, वित्तीय संस्थानों एवं MSME क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। उद्यमियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़कर उपलब्ध ऋण सहायता, सब्सिडी एवं अन्य वित्तीय प्रोत्साहनों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उद्यमियों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। सभी प्रतिभागियों के सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए एक दिवसीय उद्योग एवं बैंकर्स बैठक का समापन किया गया।

0 टिप्पणियाँ