Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

भोजटोला में सामुदायिक भवन का लोकार्पण, तीज मिलन में गूंजा एकता और शिक्षा का संदेश

 

NBP NEWS / मोहला / 25 सितंबर 2026

मोहला। ग्राम पंचायत भोजटोला में साहू समाज के लिए नवनिर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण एवं जिला स्तरीय तीज मिलन समारोह हर्षोल्लास और सामाजिक एकजुटता के माहौल में आयोजित किया गया। विधायक निधि से 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन के लोकार्पण अवसर पर मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी ने बतौर अतिथि सहभागिता की और समाजजनों को हरितालिका तीज की शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान विधायक मंडावी ने सामाजिक एकता, शिक्षा और संस्कृति को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता, आपसी भाईचारे और शिक्षा में निहित है। जब समाज संगठित होकर आगे बढ़ता है, तो वह अपनी आवश्यकताओं, अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सामने रख सकता है।

उन्होंने समाज के प्रत्येक परिवार से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। साथ ही बेटियों की शिक्षा और उनके समान अवसरों पर जोर देते हुए कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर देना समाज और आने वाली पीढ़ी को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

तीज पर्व संस्कृति और रिश्तों को जोड़ने का माध्यम

विधायक मंडावी ने कहा कि तीज जैसे पारंपरिक पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है और परंपराओं को आगे बढ़ाने की प्रेरणा प्राप्त करती है।

उन्होंने समाजजनों से संवाद करते हुए “शिक्षित समाज, संगठित समाज और संस्कारित समाज” के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज किए गए प्रयास ही आने वाली पीढ़ी के भविष्य की नींव तैयार करते हैं।

5 लाख की लागत से बना सामुदायिक भवन, सामाजिक आयोजनों को मिलेगा नया स्थान

विधायक निधि से निर्मित यह सामुदायिक भवन साहू समाज के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के संचालन में उपयोगी साबित होगा। भवन मिलने से समाज के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए एक सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है।

लोकार्पण के अवसर पर समाजजनों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में वरिष्ठजनों के साथ महिलाओं, युवाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

खेल प्रतियोगिताओं ने लौटाई बचपन की यादें

तीज मिलन समारोह को यादगार बनाने के लिए महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं पारंपरिक खेल गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इनमें जलेबी दौड़, बिंदी लगाओ, पारंपरिक अंताक्षरी गीत, फुगड़ी, पहेली और मेहंदी प्रतियोगिता प्रमुख रहे।

महिलाओं ने उत्साहपूर्वक इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खेलों और पारंपरिक गतिविधियों के दौरान समारोह स्थल पर उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा। प्रतिभागियों ने इन गतिविधियों के माध्यम से पुराने दिनों की यादों को भी ताजा किया।

बड़ी संख्या में समाज जन रहे मौजूद

कार्यक्रम में साहू समाज के जिलाध्यक्ष मदन साहू, प्रदेश अध्यक्ष दिव्या कलिहारे, सरपंच विराज बाई उइके, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मोहला के अध्यक्ष राजेंद्र चक्रधारी, लता साव, जागेश्वर साहू, रोहिदास साहू, हिरन चक्रधारी (ग्राम पटेल), चेतन साहू, दिनेश साहू, विमल साहू, आर.डी. साहू, मोहनलाल साहू, बिहारी साहू एवं शिव प्रसाद साहू सहित साहू समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ