Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

युवाओं की सतर्कता से टली बड़ी वन आपदा, घंटों मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

मोहला, 27 मार्च 2026।
ग्राम पंचायत गोटाटोला के आश्रित पारा ग्राम बांधाटोला में बीते मंगलवार शाम एक बड़ी वन आग की घटना सामने आई, जहां गांव के समीप स्थित लड़ंगा जंगल में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलते हुए आधे जंगल को अपनी चपेट में लेने लगी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही नव जागृति युवा मंडल और पर्यावरण एवं वन संरक्षण टीम के सदस्य तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। बिना संसाधनों के भी युवाओं ने हिम्मत और एकजुटता का परिचय देते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद रात लगभग 9 बजे आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी पर्यावरणीय क्षति टल गई।
टीम द्वारा बताया गया कि वे लंबे समय से ग्रामीणों को जंगल में आग न लगाने और दावाग्नि से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में समझ विकसित करना और इस अभियान में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।
इस अभियान में ग्राम के जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से वार्ड पंच एवं राजस्व व वन प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ढालसिंग कलामे, वार्ड पंच एवं विकास समिति अध्यक्ष गणेश कलामे, सहसचिव राजेन्द्र कचलाम, पर्यावरण टीम अध्यक्ष किशन विश्वकर्मा, सहित रुपेश कलामे, खगेश कलामे, गगन नेताम और अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सामूहिक प्रयास और जागरूकता से बड़ी से बड़ी आपदा को टाला जा सकता है। जंगल हमारी धरोहर हैं, इनकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ