जिला मुख्यालय मोहला में थाना परिसर से चंद कदम दूर बस स्टैंड और बाजार चौक के बीच हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना क्रम: मामूली विवाद ने ली जान
जानकारी के अनुसार, 20 मार्च की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बस स्टैंड में भारत ट्रैवल्स के ड्राइवर कमलेश भूआर्य (45 वर्ष), निवासी ग्राम सांगली का इजराइल खान से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि इजराइल और उसके साथियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
पहले बस स्टैंड में लगभग 9 बजे मारपीट की गई, मौके पर पहुंचे ग्रामीण और पुलिस ने समझाइश देकर कमलेश को अन्य भारत बस में सुला दिया । इसके बाद आरोपियों ने घायल कमलेश को जबरन लगभग 10 :30 बजे आरोपी भूषण राजपूत और सोमेश रावटे ने स्कूटी में उठाकर बाजार चौक स्थित राजपूत ट्रांसपोर्ट कार्यालय के सामने ले जाकर अन्य आरोपियों को सुपुर्द किया जहां दोबारा मारपीट किया। बेल्ट और पट्टे से की गई इस बर्बर पिटाई में उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। दूसरी रोज कमलेश भारत बस को लेकर राजनांदगांव की ओर निकला रास्ते में तबियत बिगड़ने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अं चौकी में भर्ती हुआ, आगे बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया और राजनांदगांव के निजी अस्पताल "मेडिसिटी" में भर्ती कराया गया, जहां पांच दिन बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई: सभी आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
कमलेश भुआर्य के इलाज के दौरान मृत्यु के बाद बुधवार मध्य रात्रि मोहला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पतासाजी शुरू की और कुछ ही घंटों में सभी आरोपियों की पहचान कर रातो रात हिरासत में लिया।
थाना प्रभारी कपिल देव चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने
सोनू राजपूत उम्र 36 वर्ष, इजराइल खान उम्र 36 वर्ष, प्रवीण यादव उम्र 25 वर्ष, कमलेश घावड़े उम्र 23 वर्ष, सोमेश रावटे उम्र 24 वर्ष और भूषण राजपूत को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अपराध की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 296, 115(2), 351(2), 103(1) सहित एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(V) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मौत के बाद आक्रोश, गांव में चक्काजाम
ड्राइवर की मौत की खबर मिलते ही ग्राम सांगली में आक्रोश फैल गया। गुरुवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम किया था और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ था।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
जिला मुख्यालय मोहला थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला मुख्यालय में हो रहे वारदात से जिले की पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है। हालांकि इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी को सफलता माना जा रहा है।
इस कार्यवाही में
उपनिरीक्षक नवल साव, सहायक उपनिरीक्षक ताज खान, सहायक उपनिरीक्षक पूर्णानंद मसीहा, प्रधान आरक्षक जयलाल भास्कर, प्रधान आरक्षक ओंकार सिंह, आरक्षक गिरीश कोमा, अनमोल वैष्णव, वीरेंद्र रजक एवं साइबर टीम का विशेष योगदान रहा।
#nbpnews
#MohlaMurder
#BusDriverMurder
#JusticeForKamlesh
#ChhattisgarhNews
#NBPNews
#BreakingNews
#CrimeNews
#MurderCase
#PoliceAction
#6Arrested
#LawAndOrder
#CGPolice
#MohlaNews
#RajnandgaonNews
#AtrocityAct
#BNS
#CrimeInCG
#JusticeDemand
#ChakkaJam
#VillageProtest
0 टिप्पणियाँ