जनपद पंचायत मानपुर अंतर्गत विकसित भारत ग्राम गारंटी (VB-GRAM G) योजना की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए 7 फरवरी को रोजगार दिवस के अवसर पर जिले की सभी 185 ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) भारती चंद्राकर ने दी।
सीईओ ने बताया कि जनपद पंचायत मानपुर के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मनरेगा योजना के उन्नत स्वरूप VB-GRAM G को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा योजना की सही जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है।
अप्रैल 2026 से लागू होगी VB-GRAM G योजना
सीईओ चंद्राकर ने बताया कि वर्तमान में मनरेगा योजना यथावत जारी रहेगी, जबकि इसका उन्नत स्वरूप VB-GRAM G योजना अप्रैल 2026 से प्रभावी रूप से लागू की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत जहां पहले 100 दिन के रोजगार की गारंटी थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को अधिक रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
QR कोड के माध्यम से मिलेगी पूरी जानकारी
VB-GRAM G योजना की जानकारी को सरल एवं सुलभ बनाने के लिए QR कोड आधारित IEC सामग्री तैयार की गई है, जिसे प्रत्येक ग्राम पंचायत में चस्पा किया जाएगा। ग्रामीणजन अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर योजना से संबंधित संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके साथ ही, केवल पंचायत कार्यालयों तक सीमित न रहते हुए, चल रहे मनरेगा कार्यस्थलों पर भी अधिकारी एवं मैदानी अमला पहुंचकर श्रमिकों को योजना की जानकारी देगा। कार्यस्थल पर ही श्रमिकों को योजना के लाभ, रोजगार अवधि में वृद्धि, भुगतान प्रक्रिया तथा आगामी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
पंचायत सचिवों को दिए गए निर्देश
सीईओ ने पंचायत सचिवों को निर्देशित किया है कि वे मनरेगा जॉब कार्डधारी परिवारों, ग्राम पटेलों, स्व-सहायता समूह (SHG) सदस्यों, ग्राम संगठनों एवं कार्यस्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को QR कोड स्कैन कर योजना की जानकारी लेने के लिए प्रेरित करें।
ग्राम पंचायत स्तर पर होंगे विशेष आयोजन
दिनांक 7 फरवरी को रोजगार दिवस के अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर VB-GRAM G योजना का विशेष प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस दौरान जागरूकता गतिविधियां, IEC प्रदर्शनी एवं श्रमिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ग्रामीण रोजगार और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
VB-GRAM G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पलायन में कमी आएगी तथा गांवों का समग्र, सतत एवं आत्मनिर्भर विकास सुनिश्चित होगा।
ग्रामीणों से सहभागिता की अपील
अंत में सभी ग्रामीणजनों से अपील की गई है कि वे रोजगार दिवस एवं ग्रामसभा में सक्रिय सहभागिता करें, QR कोड स्कैन कर योजना की जानकारी प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की शंका की स्थिति में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत अथवा जिला पंचायत से संपर्क करें।
0 टिप्पणियाँ