जिले में महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण आजीविका को मजबूती देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेने हेतु कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने गुरुवार को एचडीएफसी बैंक के समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित आजीविका मूलक गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत भारती चंद्राकर भी उपस्थित रहीं।
कलेक्टर प्रजापति ने ग्राम मुनगाडीह, बिरझू टोला एवं सोमाटोला में संचालित विभिन्न आजीविका एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों का अवलोकन किया। ग्राम मुनगाडीह में उन्होंने श्री अन्न रूरल फार्मर प्रोड्यूसर के माध्यम से तैयार किए जा रहे रागी एवं कोदो आधारित खाद्य उत्पादों की जानकारी ली।
रागी-कोदो उत्पादों की सराहना, न्यूट्रिशन वैल्यू अंकित करने के निर्देश
स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि वे वर्तमान में रागी लड्डू, ओट्स कुकीज, हेल्दी बार, मार्बल कुकीज, ऑरेंज कुकीज एवं रागी नानखटाई सहित छह प्रकार के उत्पाद तैयार कर रही हैं। कलेक्टर ने स्वयं उत्पादों को चखकर गुणवत्ता की सराहना की तथा खाद्य पैकेजिंग पर न्यूट्रिशन वैल्यू अनिवार्य रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। समूह द्वारा विपणन से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराए जाने पर उन्होंने हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
कस्टम हायरिंग सेंटर व दाल प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समूह द्वारा संचालित कस्टम हायरिंग सेंटर का भी अवलोकन किया और वहां उपलब्ध कृषि उपकरणों, संचालन प्रक्रिया एवं आय की जानकारी ली। उन्होंने सुझाव दिया कि प्राप्त आय का उपयोग अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीद में कर आय को और बढ़ाया जाए।
इसके पश्चात बिरझू टोला में स्थापित दाल प्रोसेसिंग यूनिट का निरीक्षण किया गया। प्रोजेक्ट प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि धान के अलावा अन्य दलहन फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह यूनिट समूह को प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत 15 गांवों में लगभग 30 एकड़ से अधिक क्षेत्र में दलहन फसलों की खेती की जा रही है।
सौर ऊर्जा आधारित पेयजल व्यवस्था का भी लिया जायजा
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान सौर ऊर्जा आधारित शुद्ध पेयजल व्यवस्था का भी अवलोकन किया और इसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी पहल बताया।
इस अवसर पर एचडीएफसी बैंक मैनेजर अभिषेक वर्मा, प्रोजेक्ट मैनेजर श्योपत राम, विस्तार अधिकारी चेतना ठाकुर, तकनीकी विशेषज्ञ विनय शुक्ला सहित स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रयास आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और जिला प्रशासन द्वारा उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ