Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

कलेक्टर ने किया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण, पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी और नोडल अधिकारी तैनात


NBPNEWS/मोहला मानपुर, 12 नवंबर 2024 – जिला कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिले में धान खरीदी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मानपुर, भर्रीटोला, खरदी, गोटाटोला और कौड़ीकसा के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को पारदर्शिता और सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने 34 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया, साथ ही किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के लिए कहा। धान खरीदी में किसी प्रकार की गड़बड़ी रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी 27 धान खरीदी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, और प्रत्येक केंद्र पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जिले में 44810 किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिए 67275 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन किया गया है। खरीदी प्रक्रिया में बायोमेट्रिक सिस्टम का उपयोग किया जाएगा और बायोमेट्रिक में समस्या होने पर नामित या ट्रस्टेड व्यक्ति के माध्यम से धान बेचने की सुविधा प्रदान की गई है। खरीदी के लिए 50 प्रतिशत नए और पुराने बारदानों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित किया गया है और पर्याप्त मात्रा में बारदाने, छाया, बैठने और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।
जिला महाराष्ट्र सीमा से सटे होने के कारण यहां धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जिनमें तैनात कर्मचारियों द्वारा बाहरी धान की निगरानी की जाएगी। किसानों के त्वरित भुगतान के लिए माइक्रो एटीएम की व्यवस्था की गई है, और राइस मिलर्स का पंजीयन और परिवहन अनुबंध पूरे किए जा चुके हैं। टोकन तुहर हाथ मोबाइल ऐप से किसान स्वयं टोकन जारी कर सकते हैं, जिसमें 5 एकड़ तक के कृषकों को दो और 5 एकड़ से अधिक भूमि वाले कृषकों को तीन टोकन जारी किए जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ