Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

सामुदायिक पुलिसिंग 2026: जिले में कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज, युवाओं में दिखा जोश


NBP NEWS/मोहला ,05 फरवरी 2026

जिला पुलिस मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग वर्ष 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ आज 05 फरवरी 2026 को उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर तूलिका प्रजापति उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल गतिविधियां समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच दूरी कम होती है तथा ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ पूरे जोश और उत्साह से ट्रॉफी को लक्ष्य कर खेलने का आह्वान किया तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच बेहतर जुड़ाव स्थापित करना है। खेलों के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है, जिससे समाज में स्वस्थ वातावरण का निर्माण होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की।
प्रतियोगिता में जिले के 10 थाना एवं 01 पुलिस चौकी क्षेत्र से चयनित कुल 59 टीमों ने भाग लिया है। चयन प्रक्रिया के अंतर्गत थाना स्तर पर कुल 154 टीमों के बीच सलेक्शन मैच आयोजित किए गए, जिनमें से तीन महिला एवं तीन पुरुष टीमों का चयन कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग की टीमों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। उद्घाटन दिवस पर कुल 17 पुरुष वर्ग एवं 14 महिला वर्ग के मैच आयोजित किए गए।
इस आयोजन में जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष रड़ साय मंडावी, जिला कबड्डी संघ के सचिव लक्ष्मण नेताम, वनमंडलाधिकारी (DFO) दिनेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, उप पुलिस अधीक्षक ताजेश्वर जे. दीवान, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप सहित जिले के सम्माननीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समस्त थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रही है, बल्कि युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित यह प्रतियोगिता पुलिस एवं जनता के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ