आदिवासी क्षेत्रों के समावेशी और सतत विकास के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए "धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान 2.0" के तहत जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी भारती चंद्राकर ने इस संबंध में आज एक प्रेसवार्ता आयोजित कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि यह अभियान भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर 2024 को प्रारंभ किया गया था। इसे "जनजातीय गौरव वर्ष" के रूप में मनाया जा रहा है, जो 15 नवंबर 2024 से 15 नवंबर 2025 तक चलेगा।
अभियान के तहत 16 जून से 30 जून 2025 तक जिले के 23 चयनित कलस्टर ग्रामों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में 17 मंत्रालयों की 25 योजनाओं का लाभ सीधे आदिवासी समुदायों तक पहुँचाया जाएगा।
प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं:
आधार कार्ड, राशन कार्ड, जाति-निवास प्रमाणपत्र
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड,आयुष्मान भारत योजना, जन-धन योजना, मुद्रा लोन, वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन योजनाएं
वन-धन योजना, नरेगा जॉब कार्ड, विश्वकर्मा योजना
इसके अतिरिक्त दीर्घकालिक विकास योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल आपूर्ति, सौर ऊर्जा, सड़कों का निर्माण, भारत नेट, स्किल इंडिया जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत सिकलसेल परीक्षण, मोबाइल मेडिकल यूनिट तथा वृहद वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
जिला स्तर पर सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग को अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विकासखंड स्तर पर जनपद पंचायत सीईओ, और प्रत्येक कलस्टर ग्राम के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रभारी बनाया गया है।
प्रभारी कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान जनजातीय समुदायों को सरकारी योजनाओं की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों एवं नागरिकों से अभियान को सफल बनाने हेतु सक्रिय भागीदारी की अपील की।
0 टिप्पणियाँ