Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

मुख्यमंत्री का पुतला फूंक कर जिला कांग्रेस कमेटी ने किया विरोध प्रदर्शन, महिलाओं पर बढ़ते अपराध और लचर कानून व्यवस्था को लेकर जताई नाराजगी

NBPNEWS/ मोहला, 8 अप्रैल 2025। छत्तीसगढ़ में महिलाओं पर बढ़ते अपराध और लचर कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस पार्टी का विरोध तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे जिला मुख्यालय मोहला के दुर्गा चौक में जिला कांग्रेस कमेटी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।  
प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला जलाकर नाराजगी जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम बालिका के साथ दुराचार और हत्या की घटना को लेकर आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराया।  
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। हालांकि, बाद में स्थिति नियंत्रण में आ गई। कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकती, तो नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को पद छोड़ देना चाहिए।  
विरोध प्रदर्शन में मोहला-मानपुर विधायक इंद्रशाह मंडावी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष निर्मल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।  
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रदेश सरकार इस तरह की घटनाओं पर नियंत्रण नहीं करती और पीड़ितों को न्याय नहीं दिलाया गया, तो कांग्रेस प्रदेश भर में व्यापक आंदोलन करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ