Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

पांच लाख का इनामी नक्सली पुलिस के समक्ष सरेंडर, पुनर्वास नीति से हुआ प्रभावित

NBPNEWS/मोहला मानपुर, 15 अप्रैल 2025।
जिले में माओवाद उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रयास और छत्तीसगढ़ शासन की नई पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति 2025 से प्रभावित होकर आरकेबी डिवीजन के कोतरी एरिया कमेटी सदस्य/एलओएस डिप्टी कमांडर रूपेश मंडावी ने आज पुलिस अधीक्षक मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। रूपेश मंडावी पर शासन द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

34 वर्षीय रूपेश मंडावी उर्फ सुखदेव, निवासी ग्राम मुंजाल (कोपाटोला), थाना मंदनवाड़ा, जिला मोहला-मानपुर-अं.चौकी, लंबे समय से नक्सल गतिविधियों में सक्रिय था। वर्ष 2012 में सीएनएम की सांस्कृतिक गतिविधियों से प्रभावित होकर संगठन से जुड़ा और वर्ष 2023 में डिप्टी कमांडर के पद तक पहुंचा। आत्मसमर्पण के समय वह कोतरी एरिया कमेटी सदस्य और एलओएस डिप्टी कमांडर के रूप में कार्यरत था।

रूपेश मंडावी ने थाना मदनवाड़ा, सीतागांव, औंधी, मानपुर, कांकेर जिले के गोंडातुर व पखांजुर और नारायणपुर जिले के माड़ क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को अंजाम दिया। उसने बताया कि संगठन में आंतरिक मतभेद, भेदभाव पूर्ण व्यवहार, और निर्दोष आदिवासियों पर किए जा रहे अत्याचारों से वह आहत था। साथ ही उसे अपने कार्यों की उपेक्षा का भी सामना करना पड़ा, जिससे निराश होकर उसने आत्मसमर्पण का निर्णय लिया।

इस आत्मसमर्पण को जिला पुलिस, डीआरजी, आईटीबीपी और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के समन्वित प्रयासों की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा (राजनांदगांव रेंज) और पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

रूपेश ने संविधान में विश्वास जताते हुए शांति व समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की बात कही। आत्मसमर्पण के बाद उसे शासन की पुनर्वास नीति के तहत सभी लाभ प्रदान किए जाएंगे। पुलिस और प्रशासन ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ