NBPNEWS/ मोहला मानपुर, 1 मार्च 2025। थाना मानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला ग्राम कोतरी में आयोजित मंडई के दौरान मुर्गा लड़ाई को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी को ग्राम कोतरी में मुर्गा बाजार लगा था, जहां सुरेंद्र कुमार पुरामे और बीरेंद्र कुमार धुर्वे के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर बीरेंद्र कुमार धुर्वे ने चाकू (काती) से सुरेंद्र कुमार के पेट पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी आंतें बाहर निकल आईं। घटना के बाद पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में थाना मानपुर में अपराध क्रमांक 03/2025, धारा 109(1), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक वाय. पी. सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी ईश्वर ध्रुव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
वीडियो के माध्यम से देखे 👉 मुर्गा लड़ाई में युवक ने मारा चाकू (काती) पेट फटा राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज हुआ रेफर
पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और 28 फरवरी को ग्राम देहरीटोला नेडगांव से उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसे अंबागढ़ चौकी न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया।
बता दे कि जिले भर में अलग अलग जगह मुर्गा लड़ाई का आयोजन होता है, जोकि ठेकेदार या गांव समिति के माध्यम से संचालित होता है। कोतरी में हुए घटना के उपरांत क्या संचालकों के ऊपर भी कोई कार्यवाही सुनिश्चित होगी?
इस कार्रवाई में एएसआई गंगसाय किरंगे, प्रधान आरक्षक देवलू राम सलामे, आरक्षक संतोष ठाकुर और दानू राम उसारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ