NBP NEWS /9 अगस्त 2024 : रायपुर में आयोजित गुरुवार को जनदर्शन कार्यक्रम में एक बार फिर बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। रिमझिम बारिश के बीच भी लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। इस बार कार्यक्रम में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी विशेष उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री विष्णु देवसाय ने छत्तीसगढ़ में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत करते हुए जनदर्शन में आए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किया। उन्होंने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत 6,200 से अधिक श्रमिक परिवारों को 11 करोड़ 41 लाख रुपए की सहायता राशि के वितरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रतीक स्वरूप 12 हितग्राहियों को सहायता राशि का वितरण भी किया गया।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। जनदर्शन में जनता की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए तत्परता दिखाई गई, जिससे लोगों में कार्यक्रम के प्रति विश्वास और उत्साह बढ़ा।
**फाइनेंस कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप: कर्मचारी ने की मुख्यमंत्री से धोखाधड़ी और दबाव की शिकायत**
मोहला मानपुर अं चौकी जिले के मोहला में भारत फाइनेंस इंक्लूसन लिमिटेड के खिलाफ पूर्व कर्मचारी, युवराज देवहारे और निलेश कुमार साहु, ने गंभीर आरोप लगाए हैं। निलेश, जो दुर्ग स्थित शाखा कार्यालय में फील्ड असिस्टेंट के पद पर थे, ने दावा किया कि उन्हें 12 से 15 घंटे काम करने पर मजबूर किया गया और विरोध करने पर झूठे गबन के मामले में फंसाने की धमकी दी गई। दोनों का आरोप है कि कंपनी के अधिकारी अवैध तरीके से अपात्र महिलाओं को ऋण वितरित कर रहे थे और वसूली की राशि को अनियमित खातों में डालकर गबन का प्रयास कर रहे थे।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि उन्हें कोरे कागजों पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया और 12 से 15 लाख रुपये की रिकवरी के नाम पर डराया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी ग्रामीण महिलाओं से धोखाधड़ी कर रही है और फील्ड असिस्टेंट्स के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवा रही है ताकि बीमा की राशि का आहरण किया जा सके वही बैंक में कोई भी ओडी या एनपीए न हो ताकि ब्रांच मैनेजर और कैशियर का सैलरी और इंसेंटिव बढ़े और एनपीए न होने से बैंक का रिकॉर्ड मजबूत रहे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने उचित जांच उपरांत कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
**रायपुर: जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने सुनी जनता की समस्याएं और दी त्वरित समाधान**
रायपुर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलने पहुंचे महतारी वंदन योजना के लाभार्थियों ने इस योजना की सफलता पर उनका आभार जताया। महिलाओं ने कहा कि यह योजना उन्हें सशक्त बना रही है और इस बार उनकी राखी की खुशियां दोगुनी होंगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महासमुंद की चयन कुमारी और रायपुर की रंजीता खलको से भी मुलाकात की। इन खिलाड़ियों ने 37वें राष्ट्रीय खेलों में मिनी गोल्फ में कांस्य पदक जीतने के बाद मुख्यमंत्री से आशीर्वाद लिया। दोनों खिलाड़ी 20 से 25 अगस्त तक दक्षिण कोरिया में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय हुड़ बॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
**ग्राम पंचायतों के विकास पर जोर**
रायपुर जिले के ग्राम पंचायत परसुलीडीह के सरपंच के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन में मध्यान्ह भोजन के लिए शेड निर्माण के निर्देश दिए। वहीं, बलौदाबाजार जिले के किसानों की फसल खराब होने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने उन्हें जल्द राहत पहुंचाने का आश्वासन दिया।
**अनुकंपा नियुक्ति: रक्षाबंधन का तोहफा**
रक्षाबंधन के अवसर पर बिलासपुर की रिशी अग्रवाल और बेमेतरा की सिद्धका गोस्वामी को मुख्यमंत्री ने अनुकंपा नियुक्ति का वादा किया। मुख्यमंत्री ने कहा, "आपने मेरे लिए राखी लाई हैं, और मैं इसे रक्षाबंधन का तोहफा समझता हूं। आपको जल्द अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी।"
**जमीन अधिग्रहण के मुआवजे पर मुख्यमंत्री का त्वरित निर्देश**
बालोद निवासी बोधन लाल ने अपनी जमीन के मुआवजे की समस्या उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल बालोद कलेक्टर को मुआवजे की राशि जल्द से जल्द दिलाने के निर्देश दिए।
**बच्चे के इलाज के लिए मिलेगी सहायता**
रायपुर के रोशन साहू ने अपने बेटे लक्ष्य की बीमारी के इलाज के लिए मदद मांगी। मुख्यमंत्री साय ने स्वास्थ्य विभाग को बच्चे के इलाज की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे लक्ष्य के पिता को नई उम्मीद मिली है।
**खपरी गांव की जर्जर सड़कों का होगा सुधार**
बालोद के ग्राम पंचायत खपरी ब की सरपंच ने जर्जर सड़कों की समस्या उठाई, जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कई अन्य समस्याओं का भी संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
0 टिप्पणियाँ