Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, सेजेस विद्यालय में खुला आधुनिक लैब

NBPNEWS/मोहला, 01 मई 2025।
मानपुर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) में अब विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा। जिला खनिज न्यास संस्थान (DMF) से कलेक्टर एवं प्रबंधकारिणी समिति अध्यक्ष तुलिका प्रजापति द्वारा विद्यालय में कंप्यूटर लैब एवं उपकरण क्रय के लिए 48 लाख 73 हजार 495 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
प्रशासकीय स्वीकृति के उपरांत उक्त राशि से कंप्यूटर लैब की स्थापना की गई, जिसमें अत्याधुनिक कंप्यूटर एवं सहायक तकनीकी उपकरण शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना और उन्हें डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षित करना है।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने 30 अप्रैल को विद्यालय का दौरा कर कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर सिस्टम की गुणवत्ता और उनकी कार्यक्षमता का भी मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि यह सुविधा विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है जो उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता और कौशल विकास में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने बताया कि कंप्यूटर लैब के माध्यम से बच्चों को तकनीकी जानकारी, डिजिटल साक्षरता और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी आधुनिक शिक्षा सुलभ हो सकेगी, जिससे उनके भविष्य के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों में वृद्धि होगी।
विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों ने कलेक्टर का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह लैब छात्रों के लिए एक सुनहरा अवसर है। डिजिटल इंडिया और नई शिक्षा नीति के अनुरूप यह कदम विद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में और आगे ले जाएगा।
जिला प्रशासन की इस पहल से स्पष्ट होता है कि शिक्षा को लेकर प्रशासनिक दृष्टिकोण अब केवल बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास और तकनीकी दक्षता की ओर बढ़ रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ