सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से RAMP योजना के तहत जिला स्तरीय 3 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 20 फरवरी 2026 से 22 फरवरी 2026 तक गोटाटोला, मोहला - मानपुर में भावसर फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो भारत सरकार और विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) की उत्पादकता बढ़ाना, बाजार तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना तथा उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमिता विकास प्रशिक्षक रवि सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इनमें RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास और MSME के लिए उपलब्ध अवसर, MSME के अंतर्गत वित्तीय सहायता और क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन एवं बाजार तक पहुंच, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाएं और लघु वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं बाजार व्यवस्था जैसे विषय शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक रवि सिंह ने सहभागिता आधारित पद्धति से प्रशिक्षण संचालित किया, जिससे प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रशिक्षण के समापन पर सवाल-जवाब का सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसायिक योजना तैयार करना, टिकाऊ व्यवसाय, बाजार सर्वे और बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपने प्रश्न रखे। प्रशिक्षक द्वारा सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए गए।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षक रवि सिंह ने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए शुभकामनाएं दीं और औपचारिक रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया।
0 टिप्पणियाँ