NBPNEWS/मोहला, 21 सितंबर 2025। मोहला में स्थित संभाग स्तरीय गोंड समाज महासभा भवन में रविवार को आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण बैठक ताले के विवाद में फंस गई। समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि भवन की चाबी निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल संचालकों द्वारा अपने पास रखी जाती है और मांगने पर भी उपलब्ध नहीं कराई जाती।
जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर को भवन में संभागीय बैठक संपन्न हुई थी। उसी बैठक में निर्णय लिया गया था कि 21 सितंबर को मोहला के गोंडवाना भवन में नवीन पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। इस संभाग में छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर, बालोद, डौंडी-लोहारा सहित महाराष्ट्र क्षेत्र के 12 ब्लॉकों के पदाधिकारी शामिल होते हैं।
लेकिन कार्यक्रम के दिन भवन में ताला बंद पाया गया। समाज के सदस्यों ने सामूहिक रूप से निर्णय लेकर मोहला थाना प्रभारी को सूचना दी। गोंड समाज महासभा के सचिव कुमार कोरेटी ने बताया कि ताला तोड़ने का प्रस्ताव पारित कर पुलिस को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप से चाबी समाज को उपलब्ध कराई गई और कार्यक्रम संपन्न हुआ।
स्कूल के प्राचार्य रमेश अचला ने बताया कि संस्था के अन्य शिक्षक के पास चाबी की मांग हेतु समाज द्वारा फोन आया था। शनिवार को चाबी ठाकुर जी के यहां रखा जाता है। ताकि कोई रविवार को बैठक या अन्य कार्यक्रम हो तो चाबी लिया जा सके। पूर्व में भी समाज के पदाधिकारियों द्वारा चाबी मांगा गया था और समय समय पर दिया गया है। आज भी चाबी लेने की जगह बताई गई थी।
भवन में लंबे समय से निजी स्कूल संचालित किए जाने और समाजिक आयोजनों में बार-बार बाधा उत्पन्न होने को लेकर गोंड समाज के लोगों ने नाराजगी जताई।
मौके पर भारी संख्या में समाजजन थाना पहुंचे थे। पुलिस की मध्यस्थता से विवाद शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया और निर्धारित समय पर बैठक व शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ जो कि सकुशल संपन्न हुआ।
0 टिप्पणियाँ