NBP NEWS/रायगढ़, 03 जुलाई 
भारत सरकार एवं विश्व बैंक के संयुक्त सहयोग से संचालित RAMP (Raising & Accelerating MSME Performance) योजना के अंतर्गत भावसर फाउंडेशन द्वारा 27 मई से 8 जून 2026 तक उदयपुर कंप्यूटर संस्थान, धरमजयगढ़ (रायगढ़) में जिला स्तरीय 12 दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 30 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए उद्यमिता, स्वरोजगार एवं MSME से संबंधित विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को सशक्त बनाना, युवाओं एवं इच्छुक उद्यमियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें व्यवसाय स्थापना, वित्तीय प्रबंधन और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना था। RAMP योजना के माध्यम से MSME इकाइयों की उत्पादकता, प्रतिस्पर्धात्मकता, बाजार तक पहुंच तथा व्यावसायिक प्रदर्शन को बेहतर बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता विकास प्रशिक्षक भरत यादव ने प्रतिभागियों को RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास एवं MSME के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकेज प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार तक पहुंच, कौशल विकास कार्यक्रम, विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा उद्यमिता से सामाजिक-आर्थिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सफल उद्यमिता न केवल व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाती है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित कर क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।

12 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और सक्रियता के साथ भाग लिया। प्रशिक्षण को संवादात्मक एवं व्यवहारिक शैली में संचालित किया गया, जिससे प्रतिभागियों को व्यवसाय प्रबंधन, वित्तीय योजना, बाजार विश्लेषण, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा उद्यम संचालन के व्यावहारिक पहलुओं की गहन जानकारी प्राप्त हुई।

प्रशिक्षण के समापन से पूर्व प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने वित्तीय व्यवस्था, सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेजीकरण, व्यवसाय योजना, टिकाऊ व्यवसाय मॉडल, बाजार सर्वेक्षण एवं बाजार लिंकेज जैसे विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। प्रशिक्षक भरत यादव ने सभी प्रश्नों का विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए प्रतिभागियों को सफल उद्यम स्थापित करने के लिए उपयोगी सुझाव दिए।

समापन अवसर पर भरत यादव ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान का उपयोग कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने तथा समाज और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनके भावी व्यावसायिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण का समापन किया।

भावसर फाउंडेशन ने बताया कि RAMP योजना के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा MSME क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण और सकारात्मक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।