NBP NEWS/ अ चौकी/ 08 जून 2026
मोहला मानपुर अं. चौकी जिले के ग्राम पंचायत खुर्सीटिकुल अंतर्गत दक्कोटोला (चिल्हाटी के पास) के ग्रामीण सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में वर्षों से परेशान हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद सड़क निर्माण नहीं होने पर अब ग्रामीणों ने स्वयं चंदा एकत्र कर रास्ता बनाने का बीड़ा उठाया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव तक पहुंचने के लिए उचित सड़क नहीं होने से बरसात के दिनों में आवागमन लगभग ठप हो जाता है। बच्चों को स्कूल जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा दैनिक जरूरतों के लिए लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
शासन-प्रशासन से लगातार मांग के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं होने पर गांव के लोगों ने प्रत्येक परिवार से 500 रुपये का योगदान एकत्र किया। इसके बाद ग्रामीणों ने श्रमदान करते हुए सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। तस्वीरों में ग्रामीण स्वयं फावड़ा और अन्य उपकरणों की मदद से रास्ते को समतल करते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा हर गांव का अधिकार है, लेकिन आजादी के दशकों बाद भी दक्को टोला इस सुविधा से वंचित है। उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि गांव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण की स्वीकृति दी जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि शासन उनकी समस्या नहीं सुनता, तो वे अपने सहयोग और श्रम से ही गांव के विकास का रास्ता तैयार करने को मजबूर हैं।

0 टिप्पणियाँ